जागरण टुडे, गुड्डू यादव,कासगंज।
जनपद कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव बघेला में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी भानुप्रताप सिंह की चार वर्षीय पुत्री गौरी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कुछ बच्चे घर से कार की चाबी उठा लाए और खेल-खेल में बाबा सोमवीर सिंह की कार खोलकर उसमें बैठ गए। बताया जा रहा है कि खेलते समय गौरी कार के अंदर ही बंद हो गई, जबकि अन्य बच्चे चाबी लेकर वापस घर चले आए। परिजनों को काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की गई।
करीब तीन घंटे बाद परिजनों ने बच्ची को कार के अंदर व्याकुल हालत में पाया। आनन-फानन में कार का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों ले जाया गया। परिजनों के अनुसार उस समय बच्ची की हालत बेहद गंभीर थी। बीपी 70/80 और पल्स 90 आ रही थी, उस समय बच्ची को आँक्सीजन मिल जाती तो उसकी जान बच सकती थी। चिकित्सको ने बिना आँक्सीजन के जिला अस्पताल भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने गौरी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्ची के बाबा सोमवीर सिंह ने बताया कि बच्चों को यह अंदाजा नहीं था कि गौरी कार के अंदर ही रह गई है। तेज गर्मी और बंद कार में लंबे समय तक रहने के कारण बच्ची का दम घुट गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया है कि परिजन बच्ची के शव को घर ले गए और बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और वाहन की चाबियां सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है।