जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को प्रीपेड से पोस्टपेड प्रणाली में बदलने, बकाया राशि को 10 आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा देने और एक माह तक बिजली कनेक्शन न काटे जाने के निर्णय का मंगलवार को जनपद के गंजडुंडवारा नगर में स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने मोहल्ला खैरू लाल कुआं के पास लोगों के बीच मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।
अब्दुल हफीज गांधी ने इस फैसले को जनता के लंबे संघर्ष, व्यापक जनदबाव और लोकतांत्रिक आंदोलनों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय लाखों-करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देगा, विशेष रूप से उन परिवारों को जो प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण लगातार परेशानियों का सामना कर रहे थे।
प्रदेशभर में उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत यह थी कि प्रीपेड स्मार्ट मीटरों में अचानक कभी भी बिजली कनेक्शन काट दिया जाता था, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा होती थी। इसके अलावा, ओवर बिलिंग, स्मार्ट मीटरों द्वारा अत्यधिक तेज रीडिंग दर्ज करने और बिल जमा करने के बाद भी कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने जैसी समस्याओं ने जनता के बीच व्यापक नाराजगी पैदा कर दी थी।
अब सरकार द्वारा पोस्टपेड व्यवस्था लागू करना, बकाया राशि को 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा देना और पांच बार एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को सूचना देकर एक माह तक बिजली कनेक्शन न काटने का निर्णय उपभोक्ता हित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस मौके पर अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि सरकार का यह फैसला स्वागत योग्य है और इससे जनता को राहत मिली है, लेकिन संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि जनता की सबसे बड़ी चिंता स्मार्ट मीटरों की तेज रीडिंग और उससे होने वाली ओवर बिलिंग है।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि जब तक इन मीटरों की निष्पक्ष तकनीकी जांच नहीं होती और इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने मांग की है कि प्रदेशभर में लगे स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों में कितनी सच्चाई है, यह स्पष्ट हो सके।