जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु उत्तर प्रदेश में 7 मई 2026 से प्रारम्भ हुई स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के तहत कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्वयं अपनी स्व-गणना कर अभियान का शुभारंभ किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने डिजिटल माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल और उपयोगी बताते हुए लोगों को इसका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
स्व-गणना पूर्ण करने के बाद जिलाधिकारी ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो क्लिक कराकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अभियान से जुड़ने के लिए उत्साहित किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिग्विजय प्रताप सिंह, जिला जनगणना प्रभारी एस.एन. यादव, मास्टर ट्रेनर एवं खंड शिक्षा अधिकारी राज कुमार सिंह, आशुलिपिक जिलाधिकारी जयवीर सिंह, जनगणना लिपिक नीरज कुमार, पंकज कुमार, आयुष्मान तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।