Wednesday, June 3, 2026

मथुरा पुलिस ने मुठभेड़ में 50-50 हजार के दो बदमाश मार गिराए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 7, 2026

मथुरा पुलिस ने मुठभेड़ में 50-50 हजार के दो बदमाश मार गिराए

 पुलिस ने मथुरा के सुरीर  थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का किया खुलासा

दिनेश कुमार, मथुरा

जनपद मथुरा के थाना सुरीर पुलिस ने एक डकैती की घटना का खुलासा कर गुरुवार तड़के बावरिया गैंग के दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनके खिलाफ हत्या, लूट डकैती जैसी गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।


टैंटीगांव क्षेत्र में हुई थी डकैती की वारदात

पुलिस के अनुसार टैंटीगांव क्षेत्र में हुई डकैती की घटना में बदमाश रात के समय घर में घुस गए थे और परिवार के लोगों को बंधक बनाकर नगदी व सामान लूट ले गए थे। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश इलाके में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में धर्मवीर उर्फ लंबू और राजेंद्र उर्फ पप्पू घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


एक बदमाश पर 16 और दूसरे पर दर्ज थे 11 मुकदमे

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि राजस्थान निवासी दोनों बदमाश बावरिया गैंग के सक्रिय सदस्य थे। इनमें एक पर 16 और दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ डकैती, डकैती विद मर्डर समेत कई गंभीर अपराधों के मामले विभिन्न राज्यों में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें आरोपी अन्य स्थानों पर घटनाएं करते दिखाई दिए हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य राज्यों और जिलों से जुटाई जा रही है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने डकैती का कुछ लूटा हुआ सामान, नगदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। कार्रवाई के दौरान स्वाट प्रभारी अजय वर्मा और कांस्टेबल दुर्विजय सिंह घायल हो गए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.