जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कासगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दे रहे तीन अभियुक्तों को आमजन के सहयोग से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 11,338 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में जनपदभर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान के नेतृत्व में थाना कासगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गढ़ी अड्डा क्षेत्र में चोरी कर रहे तीन युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नितिन पुत्र यादराम निवासी गढ़ी अड्डा, शिवम पुत्र सुनील शर्मा निवासी दुर्गा कॉलोनी तथा शिवा पुत्र धर्मेंद्र कुमार निवासी गढ़ी अड्डा थाना कोतवाली कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी एक दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे, तभी स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 11,338 रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में थाना कासगंज पर मु0अ0सं0 271/26 के तहत धारा 305, 317(2), 331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को थाना कासगंज प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा एवं उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया।