जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश शासन की अप्रैल 2026 की IGRS एवं हेल्पलाइन मूल्यांकन रिपोर्ट में कासगंज पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, बेहतर मॉनिटरिंग और पारदर्शी कार्यप्रणाली के दम पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह को 125 में से पूरे 125 अंक प्राप्त हुए हैं। 100 प्रतिशत स्कोर के साथ कासगंज पुलिस प्रदेश की शीर्ष रैंकिंग वाली पुलिस इकाई बनी है।
रिपोर्ट के अनुसार शिकायतों के निस्तारण, आवेदकों से प्राप्त फीडबैक, संदर्भों की निगरानी तथा अधीनस्थ कार्यालयों की कार्यप्रणाली में कासगंज पुलिस का प्रदर्शन अत्यंत उत्कृष्ट रहा। अधिकारियों द्वारा आवेदकों से संपर्क करने का प्रतिशत 99.68 दर्ज किया गया, जबकि डिफॉल्टर संदर्भों की संख्या शून्य रही।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त किसी भी संदर्भ को “सी” श्रेणी नहीं मिली, जो कासगंज पुलिस की पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने इस उपलब्धि पर कहा कि यह सफलता कासगंज पुलिस की पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाता रहेगा।
प्रदेश स्तर पर मिली इस बड़ी उपलब्धि से पुलिस विभाग में खुशी और उत्साह का माहौल है।