Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ NEWS वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई, युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 9, 2026

KASGANJ NEWS वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती धूमधाम से मनाई, युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश

जागरण टुडे,कासगंज।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के बैनर तले शनिवार को वीर शिरोमणि हिंदू सम्राट महाराणा प्रताप की जयंती कैंप कार्यालय, ऑफिसर्स कॉलोनी कासगंज में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा मंडल अध्यक्ष ठाकुर सुखबीर सिंह पुंडीर एडवोकेट मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ठाकुर सुखबीर सिंह पुंडीर एडवोकेट, अशोक चौहान, राजेश सिसोदिया और जिला महामंत्री अखिल पुंडीर ने संयुक्त रूप से महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर ठाकुर सुखबीर सिंह पुंडीर एडवोकेट ने कहा कि 9 मई का दिन भारतीय इतिहास में गौरव का दिन है। इसी दिन राजस्थान की वीर भूमि पर महाराणा प्रताप का जन्म हुआ था। उन्होंने जीवनभर मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया और मुगल सम्राट अकबर की अधीनता कभी स्वीकार नहीं की। महाराणा प्रताप ने अपने परिवार और सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनकी वीरता, त्याग और स्वाभिमान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशामुक्त होकर शिक्षा, व्यापार और राजनीति में आगे बढ़ें तथा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत होगा जब युवा अपने महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारेंगे।

जिला महामंत्री अखिल पुंडीर ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनकी वीरता और त्याग के कारण आज भी विश्वभर में उनका सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक संसार रहेगा, महाराणा प्रताप का नाम अमर रहेगा और लोग उन्हें श्रद्धा से याद करते रहेंगे।

कार्यक्रम में उदय प्रताप चौहान, अभिनव कुमार सिंह, अखिल सोलंकी, रवि राघव, मोनू चौहान, जितेंद्र पुंडीर, संजय चौहान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.