सेंट के.एम. इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोह ने बांधा समां
जागरण टुडे, पटियाली ।
नगर के बाईपास रोड स्थित सेंट के.एम. इंटर कॉलेज में मातृ दिवस एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भावनात्मक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाई गई। विद्यालय परिसर मातृ शक्ति के सम्मान, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मां के त्याग, ममता और असीम प्रेम को समर्पित गीत, कविता, भाषण और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण बनाया कि कई अभिभावकों और अतिथियों की आंखें नम हो उठीं।
इस अवसर पर विद्यालय में उपस्थित मातृशक्ति का छात्र-छात्राओं द्वारा आरती उतारकर एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर अभिनंदन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज, उत्साह और भावनाओं से देर तक गुंजायमान रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां को जीवन का सबसे अनमोल उपहार बताते हुए उनके महत्व को रेखांकित किया।
इसी क्रम में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में निबंध लेखन एवं पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। निबंध प्रतियोगिता में प्रिया बघेल एवं नव्या चौहान ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में कामिनी सेंगर ने पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवन का आधार होती है। उन्होंने भगवान गणेश का उदाहरण देते हुए कहा कि संसार में मां का स्थान सर्वोपरि है। साथ ही विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप के साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शोभित सिंह चौहान, उपप्रधानाचार्य भीकम सिंह, रोहित पुंडीर, अनुज द्विवेदी, दुष्यंत सिंह चौहान, सनी गौर, वीरेंद्र गौर, संकल्प, सचिन, कुमकुम रानी, जेवा, रुबीना सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।