जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव तवालपुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब श्मशान घाट के पास एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर श्मशान घाट के निकट खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर मृतका की शिनाख्त गांव तवालपुर निवासी 26 वर्षीय जसोदा पत्नी अनमोल के रूप में हुई। शव गांव के ही हाकिम सिंह यादव के खेत में मिला, जिसका आधा हिस्सा पतेल (घास-फूस) से ढका हुआ था। इस स्थिति ने मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया। ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ढोलना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
जानकारी के अनुसार जसोदा ने करीब चार वर्ष पूर्व अनमोल के साथ प्रेम विवाह किया था। मृतका अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्र और डेढ़ वर्षीय बेटी को छोड़ गई है। जसोदा मूल रूप से ग्राम उकावली की रहने वाली थी। उसके पिता करतार सिंह एवं भाई नागेंद्र को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मृतका की भाभी प्रीति से भी पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। एसपी ने जांच टीम को मामले के हर पहलू की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान ने बताया कि स्थानीय पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।