महापौर ने ध्रुवघाट श्मशान स्थल पर विद्युत गैस शवदाह गृह का किया लोकार्पण
महापौर विनोद अग्रवाल ने सोमवार को मथुरा के ध्रुवघाट श्मशान स्थल पर विद्युत गैस शवदाह गृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि महापौर ने कहा कि मानव जीवन में सेवा संस्कार का सर्वोत्तम कार्य अंतिम समय में दुखी और पीड़ित समाज को बेहतर, सुगम और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ध्रुवघाट श्मशान स्थल संचालन समिति यह कार्य समर्पण भाव से कर रही है, इसी कारण नगर निगम द्वारा इस शवदाह गृह के संचालन की जिम्मेदारी समिति को सौंपी गई है।
महापौर ने कहा कि इस परियोजना से लकड़ी, पानी और समय की बचत होगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लोगों से समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर विद्युत शवदाह गृह के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत ठाकुर जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि महापौर विनोद अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, समिति संरक्षक धनेश मित्तल और शशिभानु गर्ग, समिति अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, मंत्री उमेश अग्रवाल तथा प्रकल्प प्रभारी महेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से शवदाह गृह का लोकार्पण किया।
इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। समिति अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, मंत्री उमेश अग्रवाल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष राजेश मित्तल और शवदाह गृह संयोजक महेश अग्रवाल ने अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से 1675 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में इस शवदाह गृह का निर्माण कराया गया है। यहां दो अत्याधुनिक भट्टियां स्थापित की गई हैं, जिनमें बिजली, गैस और जनरेटर के माध्यम से संचालन होता है। उन्होंने बताया कि लगभग एक घंटे में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ एक शव का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
समिति संरक्षक शशिभानु गर्ग ने बताया कि पिछले एक महीने में यहां करीब 30 शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यहां मुखाग्नि, कपाल क्रिया समेत सभी वैदिक विधियां पंडितों की मौजूदगी में कराई जाती हैं और यह पूरी व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध है।
कार्यक्रम में इस परियोजना को सहयोग देने वाली संस्थाओं और समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन समिति अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल और संयोजन मंत्री उमेश अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर पराग गुप्ता, मनोहर लाल कंबल वाले, पार्षद सुभाष यादव, संतोष पाठक, नवीन मित्तल, योगेंद्र गोयल, कैलाश सिल्कग्रीन, सोमेश अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, योगेश यादव, गोपाल दास अग्रवाल, विजय बहादुर सिंह, डॉ. संजय अग्रवाल और संदीप अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।