गंजडुण्डवारा पुलिस की बडी कार्रवाई, दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंजडुण्डवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 93 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ डायजापाम बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को थाना गंजडुण्डवारा पुलिस ने समसपुर बाईपास स्थित कब्रिस्तान पुलिया के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जाहिद कुरैशी पुत्र नन्हे कुरैशी निवासी ग्राम सुजावलपुर थाना गंजडुण्डवारा तथा शादाब पुत्र नन्हे कुरैशी निवासी सुजावलपुर थाना गंजडुण्डवारा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 93 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (डायजापाम) बरामद किया गया। इसके आधार पर थाना गंजडुण्डवारा में मु0अ0सं0 110/26 धारा 21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जाहिद के कब्जे से 552 ग्राम अवैध डायजापाम बरामद हुआ, जबकि आरोपी शादाब के पास से 541 ग्राम डायजापाम एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद बाइक पर नंबर प्लेट यू0पी0 87 एम 1610 अंकित थी, जबकि सही नंबर यू0पी0 87 1016 बताया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। शादाब पर एनडीपीएस एक्ट, गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जाहिद पर भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम, गुंडा एक्ट तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक डिप्टी सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल मनीष भाटी तथा कांस्टेबल धनंजय शामिल रहे।