जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
विकास खंड सिढ़पुरा की ग्राम पंचायत गोपालपुर स्थित पंचायत घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए ताले चटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर पंचायत घर में रखा कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, सोलर पैनल, कैमरा समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत सहायक अंशुल कुमार गुरुवार सुबह करीब आठ बजे रोज की तरह पंचायत घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देख दंग रह गए। अंदर जाकर देखा तो कार्यालय में रखा कंप्यूटर, प्रिंटर व अन्य उपकरण गायब मिले। घटना की जानकारी तत्काल ग्राम प्रधान मुरारी लाल को दी गई।
इसके बाद मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तथा मोहनपुर चौकी एवं थाना सहावर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्राम प्रधान एवं पंचायत सहायक की ओर से थाना सहावर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। वही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।