जागरण टुडे,कासगंज।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सांत्वना पाराशर के नेतृत्व में गुरूवार को दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के महोबा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद के बयान की कड़ी निंदा की और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक मर्यादाओं के विपरीत बताया।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सांत्वना पाराशर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान न केवल राजनीतिक गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सांसद द्वारा की गई टिप्पणी से महिलाओं सहित आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए सांसद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
इस दौरान विजय लक्ष्मी कश्यप, हिना सिंह, विजय वर्मा, सुधा शाक्य, अंजली राणा, पूनम यादव, नीलम सोलंकी, संध्या शर्मा, मीना उपाध्याय, शकुन्ता भण्डारी, निम्मी सैनी, अनीता मेघवाल, गुली माहेश्वरी, रेखा, ज्योति चौधरी एवं लता भाल सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।