प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर बुधवार को मथुरा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार ‘पिंटू भईया’ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन कलेक्ट्रेट में खाद्य विभाग के डीआई धीरेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा। व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में व्याप्त खामियों को दूर करने और व्यापारियों को राहत देने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार पिंटू भईया ने कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों के सैंपल भरते समय रिटेलर के साथ निर्माता को भी पार्टी बनाया जाता है, लेकिन निर्माता को फार्म 5-क नहीं भेजा जाता। उन्होंने मांग की कि निर्माता को पार्टी बनाए जाने की स्थिति में फार्म 5-क पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य किया जाए। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 14 दिन में जांच रिपोर्ट देने के प्रावधान का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट कई-कई महीने बाद मिलने से व्यापारियों को परेशानी होती है। मामूली मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-69 के अंतर्गत शमन व्यवस्था लागू कर व्यापारियों को त्वरित न्याय दिया जाए, जिससे अनावश्यक मुकदमों का बोझ भी कम होगा।
नगर अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी ने कहा कि प्राइवेट लैब से जांच कर निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई करना गलत है। ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष भगवती चतुर्वेदी ने मांग की कि भरे गए सभी सैंपलों की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और सर्वे सैंपलों के आधार पर नए मानक तय किए जाएं।
खाद्य विभाग के डीआई धीरेंद्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने और विचार कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी, भगवती चतुर्वेदी, सतीश पटेल, पवन चौधरी लाला, आलोक बंसल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।