500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण, रोशन होगा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग
मथुरा सांसद Hema Malini ने गुरुवार को ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण भी किया। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और HDFC Bank के संयुक्त प्रयास से सीएसआर फंड के अंतर्गत यह परियोजनाएं पूरी की गई हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष Shailja Kant Mishra, जिलाधिकारी Chandra Prakash Singh, नगर आयुक्त Jag Pravesh, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष Lakshmi N सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने रिमोट के माध्यम से सोलर लाइट और ऐप का शुभारंभ किया।
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई 500 सोलर स्ट्रीट लाइटें फिलिप्स कंपनी की हैं। इनका अनुरक्षण और रखरखाव अगले पांच वर्षों तक एचडीएफसी बैंक की ओर से कराया जाएगा। सोलर लाइटों के लगने से पूरा परिक्रमा मार्ग रात में जगमग हो उठा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में ‘मेरो मथुरा’ ऐप नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने बैंक, नगर निगम और विकास प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना की।
‘मेरो मथुरा’ ऐप के माध्यम से नागरिक जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति म्यूटेशन, संपत्ति टैक्स, पेट रजिस्ट्रेशन, होटल-रेस्टोरेंट और मंदिरों की लोकेशन, शिकायत, हेल्पलाइन, न्यूज़, जीवन पोर्टल और आपातकालीन सेवाओं जैसी सुविधाएं मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि ऐप शुरू होने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, ताकि ब्रज क्षेत्र के साहित्य, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी भी लोगों को मिल सके।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही है। भविष्य में वृंदावन परिक्रमा मार्ग और अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में भी इसी प्रकार सहयोग लिया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, गोवर्धन चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद्र, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, वैशाली शर्मा, गिरिराज अग्रवाल, जितेंद्र छाबड़ा सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।