फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
जागरण टुडे, कासगंज।
थाना ढोलना क्षेत्र में गुरुवार शाम नहर किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। देर रात तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि गुरुवार को शाम करीब 7:56 बजे मोबाइल नंबर 9627241934 से सूचना प्राप्त हुई कि नगला बीच के पास नहर किनारे एक रिक्शा खड़ा है तथा कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच एक युवक पेड़ से फांसी पर लटका हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को नहर किनारे एक नीले रंग का रिक्शा खड़ा मिला, जिसका चेचिस नंबर M46EESRAJLF005093 बताया गया। रिक्शे से लगभग 50 मीटर दूर नहर की पटरी के पास झाड़ियों में पापड़ी के पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना स्थल तेजपाल पुत्र दयाराम निवासी नगला बीच के खेत के पास बताया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक ने सफेद धारीदार शर्ट पहन रखी थी, जबकि पैंट मटमैले रंग की जींस की थी। युवक के दाहिने हाथ में सफेद धातु का कड़ा तथा कलम वाली उंगली के पास पीली धातु की अंगूठी भी मिली है। युवक का रंग सांवला बताया गया है।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही।