जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
डीएम प्रणय सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों एवं बिना रॉयल्टी खनन-परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। एसडीएम पटियाली प्रदीप विमल द्वारा खनिज विभाग की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दो ईंट भट्टों पर संचालित ट्रैक्टर (मड मिक्सचर) को सीज कर दिया, जबकि चौकी दरियागंज क्षेत्र में बिना प्रपत्र चल रहे दो वाहनों को भी पकड़कर सीज किया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान किशनवीर ईंट भट्टा, निबुआ एवं श्रीराम ईंट भट्टा, निबुआ, तहसील पटियाली पर बिना विनियमन शुल्क (रॉयल्टी) जमा किए संचालन पाया गया। जांच में अनियमितता सामने आने पर दोनों भट्टों पर उपयोग में लाए जा रहे ट्रैक्टर (मड मिक्सचर) को थाना सिढ़पुरा में सीज कर दिया गया।
इसके अलावा चौकी दरियागंज क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान में दो वाहन आवश्यक प्रपत्रों के बिना संचालित पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन ईंट भट्टा संचालकों द्वारा आगामी तीन दिनों के भीतर निर्धारित रॉयल्टी जमा नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अवैध खनन और अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।