जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
देश की आर्थिक मजबूती एवं वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनज़र सोने के आयात को नियंत्रित करने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में सर्राफा व्यापारियों एवं व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों को वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव तथा सोने के अत्यधिक आयात से देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से राष्ट्रहित में स्वेच्छा से सोने एवं चांदी की बुलियन खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करने का आग्रह किया।
इस पर सर्राफा व्यापारियों एवं एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे देशहित में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करेंगे। व्यापारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर मुख्य रूप से आभूषणों का व्यापार होता है, जहां अधिकांश ग्राहक पुरानी ज्वेलरी के बदले नई ज्वेलरी खरीदते हैं तथा बुलियन का कारोबार सीमित मात्रा में होता है।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने साप्ताहिक बंदी, सुरक्षा व्यवस्था एवं व्यापार संचालन से जुड़ी कुछ व्यावहारिक समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में सहायक आयुक्त राज्य कर सत्य प्रकाश उमराव, सहायक आयुक्त राज्य कर एम. इम्तियाज सिद्दीकी सहित अन्य अधिकारी एवं सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।