विधायक वीर विक्रम सिंह ने केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को लिखा पत्र
जागरण टुडे, फतेहगंज पूर्वी (बरेली)
जनपद बरेली के बिलपुर (BLPU) रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। कटरा विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को पत्र भेजकर 15073/15074 त्रिवेणी संगम एक्सप्रेस तथा 13307/13308 गंगा-सतलज एक्सप्रेस के बिलपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि बिलपुर रेलवे स्टेशन बरेली और शाहजहांपुर जनपद की सीमा पर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। वर्तमान में सप्ताह में चार दिन चलने वाली 15075/15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस का ठहराव पहले से है, लेकिन सप्ताह में तीन दिन संचालित 15073/15074 त्रिवेणी संगम एक्सप्रेस का स्टॉपेज नहीं होने से यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा सुबह शाहजहांपुर की ओर और शाम को बरेली दिशा में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 13307/13308 गंगा-सतलज एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की गई है।
विधायक ने रेल मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। इससे क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।