शीशगढ़ इलाके के स्कूल संचालक की बेटी थी नीतू, फरीदपुर परीक्षा देने गई थी
उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के थाना शीशगढ़ क्षेत्र के स्कूल संचालक की बेटी डीएलएड छात्रा नीतू की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शनिवार को झुमका चौराहे के पास लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे से 400 मीटर अंदर खेत में उसका शब पड़ा मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने उसकी पहचान की।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रात 8:00 बजे शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी सोमपाल सीबीगंज थाने पहुंचे और बताया कि उनकी 23 साल की बेटी नीतू शुक्रवार शाम से लापता है। नीतू फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में डीएलएड द्वितीय वर्ष की अंतिम परीक्षा देने गई थी, जिसके बाद नहीं लौटी।
रात भर तलाशने के बाद कुछ पता नहीं चला तो शनिवार सुबह उन लोगों ने फरीदपुर थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। सीबीगंज पुलिस ने उन्हें मोर्चरी ले जाकर शब दिखाया तो उन्होंने नीतू की पहचान कर ली।
एआई से चेहरा साफ किया तो हुई पहचान
शनिवार को सीबीगंज इलाके में शव मिलने के बाद पहली चुनौती उसकी पहचान कराने की थी। उसके चेहरे पर मिट्टी और खून लगा था। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उसके चेहरे के फोटो को एआई से साफ कराया गया। आसपास के जिलों व थानों को सूचना दी गई। इस उम्र व बहुलिया की लड़कियों की कहां-कहां गुमशुदगी दर्ज है इस बारे में भी पता लगाया गया।
कई सोशल मीडिया ग्रुप पर भी शव के फोटो साझा किए गए। छात्रा ने जो ड्रेस पहनी थी वह किस विद्यालय की है इसकी भी जानकारी की गई है। उधर, लापता छात्रा नीतू के परिजनों ने उसका जो वास्तविक फोटो दिया था वह एआई के फोटो से मेल खाता नजर आया। तब फरीदपुर पुलिस ने परिवार को बुलाकर शब की शिनाख्त के लिए सीबीगंज थाने भेजा।
शरीर पर चोटों के निशान भी मिले
छात्रा नीतू के गले पर कसाब, कोहनी व घुटनों पर घिसने के निशान मिले हैं। ऐसा लगता है की हत्या से पहले उसने हत्यारों से बचने के लिए काफी संघर्ष किया होगा। उसी खेत की मिट्टी नीतू की मुट्ठी में थी।
एसपी बोले- कोई परिचित ही है हत्यारा
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि छात्रा की गला दबाकर हत्या करने जैसा मामला लग रहा है। ऐसा लग रहा है कि कोई परिचित ही घटना क्रम में शामिल है। छात्रा के परिवार वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। परिवार ने चार लोगों के मोबाइल नंबर दिए हैं, जिन्हें सर्विलांस पर लगाया गया है। पुलिस की चार टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी हैं।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से तलाशे जा रहे हत्यारोपी
शनिवार रात सीबीगंज थाने पहुंचे सोमपाल गंगवार ने बताया कि वह जूनियर हाईस्कूल के संचालक हैं। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें बड़ी की शादी कर चुके हैं। नीतू दूसरे नंबर की थी। वह पढ़ाई में काफी होशियार थी। उसकी इच्छा के मुताबिक बहेड़ी के दर्शन सिंह कॉलेज से उसे डीएलएड करवा रहे थे।
नीतू बरेली के आलोक नगर में उनके साढ़ू के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। रोजाना उनके साढ़ू उसे सैटेलाइट बस स्टैंड बाइक से छोड़ने जाते थे। वहां से वह फरीदपुर परीक्षा देने जाती थी। शुक्रवार सुबह उनके साढ़ू नीतू को सैटेलाइट छोड़ गए थे। रात में नीतू ने न तो उनके घर फोन किया और ना ही वह साढ़ू के घर पहुंची।
उन्होंने सोचा कि शायद किसी सहेली घर चली गई होगी, लेकिन वह सुबह तक नहीं लौटी तो सोमपाल फरीदपुर कोतवाली पहुंचे। शुक्रवार रात से ही नीतू का नंबर बंद जा रहा था। पुलिस ने छात्रा की मौसी से भी बात की। उन्होंने बताया कि 14 मई को बाइक से एक लड़का नीतू को उनके घर से थोड़ा पहले छोड़कर गया था। पुलिस वहां के सीसीटीवी फुटेज निकल रही है।