जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सहावर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए की फड़ पर छापा मारकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में जनपदभर में अवैध जुआ और सट्टे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में थाना सहावर पुलिस ने 16 मई की रात एटा-सहावर रोड रेलवे फाटक के पास स्थित जितेन्द्र वर्मा की दुकान पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने मौके पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 10 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 47 हजार 430 रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और 2 ताश की गड्डियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र वर्मा निवासी गली डिप्टी साहब सहावर, रजनीश भारद्वाज निवासी याकूतगंज, उम्मेद निवासी मोहल्ला चौधरी, मोर मुकुट निवासी जमालपुर, पुष्पेन्द्र सिंह निवासी रामनगर, रागिव निवासी मोहल्ला काजी, मोहन शर्मा निवासी बड़ा बाजार, विनोद कुमार निवासी खड़ा थाना अमांपुर, मुशाहिद अली निवासी मोहल्ला काजी तथा सन्दीप सोलंकी निवासी याकूतगंज शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सहावर में मु0अ0सं0 167/26 धारा 3/4 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई को थाना सहावर प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा ने पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इलाके में जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है।