बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में खपाने ले जाया जा रहा था पेड़ा, 30 हजार रुपये का माल नष्ट
पुरूषोत्तम मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच वृंदावन में मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र की दुकानों में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे करीब 150 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को पकड़ा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूना जांच के लिए भेजते हुए शेष पेड़ा नष्ट करा दिया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
आयुक्त खाद्य मथुरा के आदेश के अनुपालन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रमणरेती चौकी प्रभारी वृंदावन के सहयोग से प्रवर्तन कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार और दलबीर सिंह की सचल टीम ने छटीकरा से वृंदावन की ओर जा रही एक स्कूटी को रोका।
जांच में स्कूटी संख्या यूपी-85 बीडब्ल्यूयू-2816 पर चार प्लास्टिक के बोरों में करीब 150 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा मिला। टीम के अनुसार पेड़ा अस्वस्थकर परिस्थितियों में प्लास्टिक के बैग में रखा गया था, जिससे उसकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर संदेह पैदा हुआ।
स्कूटी चला रहे कौशल पुत्र सोरन सिंह निवासी जाचौदा, गोवर्धन और उसके साथ मौजूद संतोष पुत्र श्याम बाबू निवासी कोसी खुर्द ने पूछताछ में बताया कि वे विष्णु पुत्र अमरचंद निवासी छटीकरा, मथुरा के यहां से पेड़ा लेकर वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के आसपास स्थित दुकानों पर सप्लाई करने जा रहे थे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने मौके पर संदिग्ध पेड़ा का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया। वहीं, शेष पेड़ा को विनष्टीकरण योग्य मानते हुए खाद्य कारोबारियों की लिखित सहमति के बाद नष्ट करा दिया गया। विभाग के अनुसार जब्त पेड़ा की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।