जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
देश मे बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल सहित घरेलू गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को विशाल प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के निर्देश एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज पांडे ने किया।
गांधी मूर्ति स्थित कैंप कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता हाथों में गैस सिलेंडर के कटआउट लेकर पहुंचे और महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। बाद में उपजिलाधिकारी संजीव कुमार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि पेट्रोल 97.77 रुपये, डीजल 90.67 रुपये तथा सीएनजी 79.09 रुपये प्रति लीटर बिक रही है, जिससे आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार दो वर्षों से नीट परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य महेन्द्र पाल राजपूत ने कहा कि डीजल की कीमतों में वृद्धि से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को भी जनता के साथ आर्थिक शोषण बताया।
उपजिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित सभा को अमित यादव भय्यू, प्रतिभा सिंह, मीनाक्षी गौड़, राजकपूर वाल्मीकि और अली हसन सोहराब समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मनोज पांडेय, मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, अमित यादव भय्यू, अखिलेश पाल, दीपक धनगर, प्रतिभा सिंह, मीनाक्षी गौड़, रमेश धनगर, अली हसन सोहराब, राजकपूर वाल्मीकि, चंचल वाल्मीकि, हरिशंकर पचौरी, अजय प्रताप मिश्रा, रजनीश उपाध्याय, दीप कुमार पाण्डेय, रूम सिंह राजा सलमानी, सुबोध वशिष्ठ, ऊषा पाल, सोनी कश्यप, जलीशा बेगम, डॉ. देश वंधु बघेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।