जिला टॉपर समेत मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
अकबर अली मेमोरियल इंटर कॉलेज, पिथनपुर, गढ़का में आयोजित प्रथम वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षण का केंद्र बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव, पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, डॉ. नवल किशोर शाक्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर जनपद कासगंज में इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले छात्र प्रशांत भदौरिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें साइकिल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया। वहीं विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी साइकिल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के निदेशक एवं जिला पंचायत सदस्य शाहरुख राज तथा प्रबंधक सहबाज खान ने सभी अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की बात कही।