लाठी-डंडों और राइफल की बट से किया था हमला, दो भाई गंभीर घायल
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में हाथ भर जमीन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली जमीन को लेकर तहेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि ताऊ के बेटों ने लाठी-डंडों और राइफल की बट से हमला कर अपने ही चचेरे भाई को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मामला थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला ढक का है। बताया जा रहा है कि मृतक विपिन और उसके भाइयों का अपने तहेरे भाइयों से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को यह विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और राइफल की बट से हमला बोल दिया।
हमले में 30 वर्षीय विपिन समेत उसके दो बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में तीनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
परिजन घायलों को अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में विपिन ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल दोनों भाइयों का उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी चंचल सिरोही ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।