घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद, जमीन विवाद में हुई थी युवक की मौत
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सिकन्दरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव नगला ढक में जमीन को लेकर हुए खूनी संघर्ष में युवक की मौत के मामले में कासगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन डंडे भी बरामद किए हैं।
आपका बता दे 18 मई की शाम गांव नगला ढक में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच घरेलू जमीन विवाद को लेकर कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में तीन सगे भाई अवधेश, विपिन और पिंकू पुत्र जालिम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सूचना मिलते ही थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर घायल विपिन को अलीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल अवधेश और पिंकू का उपचार जारी है और दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
मृतक विपिन की पत्नी नन्ही देवी की तहरीर पर थाना सिकन्दरपुर वैश्य में मुरारी समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस ने मंगलवार शाम तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुरारी पुत्र ग्यादीन, दुर्वीन उर्फ मोलवी पुत्र ग्यादीन और कुलदीप पुत्र दुर्वीन निवासी ग्राम नगला ढक शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल तीन डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।