Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ NEWS चर्चित व्यापारी नेता पर जानलेवा हमला, व्यापारियों में उबाल कासगंज में जिला सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल से मारपीट, दो आरोपी पकड़कर पुलिस को सौंपे

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 20, 2026

KASGANJ NEWS चर्चित व्यापारी नेता पर जानलेवा हमला, व्यापारियों में उबाल  कासगंज में जिला सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल से मारपीट, दो आरोपी पकड़कर पुलिस को सौंपे


जागरण टुडे, कासगंज।

शहर में जिला सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष और चर्चित व्यापारी नेता अखिलेश अग्रवाल पर अराजक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में व्यापारी नेता के सिर और पैर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मौके से दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

कासगंज शहर में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर दिया। बताया गया है कि घायल व्यापारी अपनी दुकान बंद कर चालक के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवक बीच सड़क पर ई-रिक्शा खड़ा कर शराब पीते हुए गाली-गलौज कर रहे थे।

अखिलेश अग्रवाल के अनुसार, जब उन्होंने युवकों को गाली देने से मना किया तो आरोपी भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने जानलेवा हमला करते हुए उनके सिर और पैर पर चोट पहुंचाई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान की चाबियों से भरा बैग छीनने का भी प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली कासगंज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने घायल व्यापारी का मेडिकल परीक्षण कराया और तहरीर के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज पांडे भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायल व्यापारी का हालचाल जाना और घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, घायल व्यापारी को मेडिकल के लिए जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तो अस्पताल परिसर अंधेरे में डूबा मिला। बिजली न होने के कारण डॉक्टरों और स्टाफ को टॉर्च की रोशनी में उपचार और मेडिकल परीक्षण करना पड़ा। इस अव्यवस्था को लेकर व्यापारियों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भी भारी नाराजगी दिखाई दी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.