Wednesday, June 3, 2026

बांके बिहारी मंदिर के पास मिठाई दुकानों पर छापा, 200 किलो पेड़ा नष्ट

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 20, 2026

बांके बिहारी मंदिर के पास मिठाई दुकानों पर छापा, 200 किलो पेड़ा नष्ट

जागरण टुडे।

मथुरा। Shri Banke Bihari Temple के आसपास संचालित पेड़ा और मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।


मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वृन्दावन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने विद्यापीठ चौराहा स्थित कई मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानदार बिना रेट लिस्ट के खुले में पेड़ा और अन्य मिठाइयों की बिक्री करते पाए गए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मिठाइयों को अस्वस्थकर परिस्थितियों में रखा गया था तथा दूषित प्लास्टिक के बोरों में पेड़ा भंडारित किया गया था।


खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती के बाद दुकानदारों ने करीब 200 किलोग्राम पेड़ा स्वयं नष्ट कराया। विभागीय अधिकारियों ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर लापरवाही माना। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई, जिसके चलते संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।


कार्रवाई के दायरे में विद्यापीठ चौराहा स्थित सोनू काजलवाला, राकेश शर्मा, ओमप्रकाश बघेल, विष्णु बघेल, प्रियभल्लभ और हरि शंकर सैनी के खाद्य प्रतिष्ठान शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।


खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों के आसपास मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगामी दिनों में भी वृन्दावन और मथुरा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.