Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ: प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 22, 2026

KASGANJ: प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जनकल्याणकारी योजनाओं की समयबद्धता, महिला सुरक्षा और शिकायत निस्तारण पर विशेष जोर, 5.97 करोड़ की राज्य कर विभाग परियोजना का भी किया निरीक्षण

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचे।


बैठक में विधायक देवेन्द्र सिंह राजपूत, हरीओम वर्मा, रजनीकांत माहेश्वरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, जिलाध्यक्ष भाजपा नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रभारी मंत्री ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और राजस्व विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और साइबर अपराधों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही दहेज एवं अन्य संवेदनशील मामलों में गहन परीक्षण के बाद ही कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को समस्त पेंशन योजनाओं के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों के आवेदन कराने तथा जन शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि जनपद में कराए जाने वाले विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में नंदिनी योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि साहीवाल, गिर, थारपारकर, गंगातिरी एवं हरियाणा नस्ल के गोवंश पालन पर मिलने वाले 50 प्रतिशत अनुदान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र पशुपालक लाभान्वित हो सकें।

 राज्य कर विभाग परियोजना का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने लगभग 5.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राज्य कर विभाग की परियोजना का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने नियमित निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.