जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
आगामी 25 मई 2026 को आयोजित होने वाले पावन गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर कासगंज पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। पर्व के दौरान सोरों क्षेत्र स्थित लहरा गंगा घाट और कछला गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना तथा शहर को जाम की स्थिति से बचाना है।
पुलिस द्वारा जारी यह ट्रैफिक प्लान 24 मई की रात 8 बजे से 25 मई की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।
एटा से बदायूं और बरेली की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को सौरभ ढाबा (एटा रोड) से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा कासगंज, सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल के रास्ते बदायूं जनपद की सीमा में प्रवेश करेंगे।
इसी प्रकार हाथरस की ओर से आने वाले वाहनों को नदरई तिराहा से सौरभ ढाबा की तरफ मोड़ा जाएगा। वहां से वाहन अमरपुर घाट बाईपास और सहावर मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। अलीगढ़ से आने वाले वाहनों को हजारा नहर पुल और मामों बाईपास के जरिए गोरक्षा नहर पुल से डायवर्ट कर सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए बदायूं की ओर भेजा जाएगा।
कछला गंगा घाट से कासगंज आने वाले वाहनों को दुपहिया मोड़ नगरिया (थाना सोरों) से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन करना, याकूतगंज, सहावर और अमांपुर मार्ग से होकर कासगंज पहुंच सकेंगे। वहीं सोरों से बदायूं और बरेली जाने वाले वाहनों को नगरिया तिराहा से शाहबाजपुर होते हुए कादरगंज गंगा पुल की ओर भेजा जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने चार प्रमुख पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। इनमें पुलिस चौकी नगरिया के आगे रेलवे लाइन के पास खाली मैदान, गोला कुआं स्थित निर्माणाधीन एनएचएआई बाईपास, नारायण आश्रम के सामने खाली मैदान तथा सोरों मेला ग्राउंड पार्किंग शामिल हैं।
कासगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए यूपी-112 सेवा सक्रिय रहेगी।