जागरण टुडे गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद में अवैध खनन और उसके अवैध परिवहन पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन की एक विशेष टीम विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच और छापेमारी की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान टीम ने अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को तुरंत जब्त कर लिया। कानूनी और अग्रिम कार्रवाई के लिए जब्त किए गए वाहन को महिला थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
जनपद प्रशासन का कहना है कि उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप राजस्व के संरक्षण और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध खनन में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कासगंज जिलाधिकारी प्रणय सिंह के मुताबिक जनपद में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति इस काले कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ निरंतर और कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।