जागरण टुडे, कासगंज।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कासगंज इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर का विधिवत शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. गीता अग्रवाल तथा प्रांत छात्रा कार्य प्रमुख डॉ. भारती वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेनू गौड़ ने कहा कि उनका विद्यार्थी परिषद से लंबे समय तक जुड़ाव रहा है। परिषद छोटे से छोटे और बड़े से बड़े कार्यक्रमों एवं आंदोलनों के माध्यम से सामान्य कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण और शिक्षा क्षेत्र में प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के नेतृत्व विकास के लिए परिषद समय-समय पर छात्रा सम्मेलन, छात्रा संवाद, मिशन साहसी और ऋतुमति अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
इस अवसर पर अभाविप ब्रज प्रांत की प्रांत छात्रा प्रमुख डॉ. भारती वार्ष्णेय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद प्रत्येक वर्ष छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन हजारों छात्राओं के कौशल विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से करती है। उन्होंने कहा कि यह सभी छात्राओं का सौभाग्य है कि उन्हें विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अभाविप से जुड़ने और संगठन के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. गीता अग्रवाल ने कहा कि नारी ही सुदृढ़ राष्ट्र की आधारशिला होती है। किसी भी राष्ट्र के निर्माण, विकास और उन्नति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कासगंज के सभी कार्यकर्ताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इस भव्य आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन प्रांत सह संयोजिका राष्ट्रीय छात्रशक्ति मुस्कान प्रजापति ने किया। शिविर में मोनिका प्रजापति, सोनी, रिद्धि, अंजली, आयुषी, लक्ष्मी, स्वाति, संध्या, वैष्णवी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।