जेई पंकज कुमार बोले- ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग होगी खत्म, सुजावलपुर सहित विकास नगर, राजेंद्र नगर, नई बस्ती, सर्राफा मार्केट समेत कई क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली विधानसभा क्षेत्र के सुजावलपुर पावर हाऊस से जुड़े इलाको में लगातार बिजली संकट, अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग के खिलाफ आवाज उठाने के बाद अब गंजडुंडवारा और आसपास के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत भरी खबर है। क्यों कि सुजावलपुर बिजलीघर पर कई महीनों से रखा अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर को विधिवत चालू कर दिया गया है। इससे बिजलीघर पर बढ़ते लोड का दबाव कम होगा और हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने 20 मई को ऊर्जा मंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर सुजावलपुर बिजलीघर पर रखे अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर को तत्काल चालू कराने की मांग की थी। उन्होंने क्षेत्र में अघोषित कटौती, किसानों के ट्यूबवेलों को पर्याप्त बिजली न मिलने और लगातार ट्रिपिंग की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद 25 मई को कादरगंज तिराहे से सुजावलपुर बिजलीघर तक पैदल मार्च और धरने का भी ऐलान किया गया था।
रविवार को सुजावलपुर बिजलीघर पहुंचकर अब्दुल हफीज गांधी ने नए ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान अवर अभियंता (जेई) पंकज कुमार ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से बिजलीघर पर ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी, जिससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग में काफी कमी आएगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पहले पूरा भार एक ही 5 MVA ट्रांसफार्मर पर था, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती थी। अब दूसरे 5 MVA ट्रांसफार्मर के शुरू होने से लोड का बंटवारा होगा और लो वोल्टेज की समस्या में भी सुधार आएगा। उन्होंने ट्रांसफार्मर को चालू कराने में दिन-रात मेहनत करने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इन इलाकों को मिलेगा सीधा लाभ
अब्दुल हफीज गांधी के अनुसार नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से सुजावलपुर क्षेत्र सहित गंजडुंडवारा के विकास नगर, राजेंद्र नगर, नई बस्ती, शेरवानी स्कूल रोड, थाना रोड, नॉर्मल कॉलोनी, बनखंडी, कैनाल रोड, स्टेशन रोड, शिवपुरी, सुदामापुरी, दुर्गा कॉलोनी, सुजावलपुर, गोविंदपुरी, बाज नगर, मोहल्ला खैरू, मोहल्ला घासी, मोहल्ला केवल, मोहल्ला मंसूर, मोहल्ला मूलचंद, सर्राफा मार्केट और पंचायती बाग सहित अनेक क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार होगा। इन इलाकों में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच नया ट्रांसफार्मर चालू होना बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। यदि दोनों ट्रांसफार्मरों से नियमित और संतुलित विद्युत आपूर्ति जारी रही तो गंजडुंडवारा और सुजावलपुर क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं से निजात मिल सकती है।