जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन और बिना रॉयल्टी खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर सीज कर दी हैं।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से तहसील पटियाली एवं सहावर क्षेत्र में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमों ने सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिना विनियमन शुल्क (रॉयल्टी) जमा किए संचालित हो रहे मैसर्स शेरावाली ईंट भट्ठा, खुदाताल तथा मैसर्स जय अंबे ईंट भट्ठा, खलीगपुर सतरोई पर जांच की गई। दोनों ईंट भट्ठों पर संचालित ट्रैक्टर (मड मिक्सर) को कब्जे में लेकर थाना सहावर में सीज कर दिया गया।
इसके अलावा अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टर चौकी चंदौस, छह ट्रैक्टर थाना सहावर तथा तीन ट्रैक्टर थाना अमांपुर क्षेत्र में सीज किए गए। इस प्रकार कुल 11 ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रशासनिक कार्रवाई की जद में आए।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी तहसील सहावर एवं कासगंज क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर कई वाहनों को जब्त किया जा चुका है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।