जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सकों की तत्परता और मानवीय सेवा एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष गुप्ता ने समय रहते उपचार कर एक मरीज की जान बचा ली। उन्होंने करीब 50 हजार रुपये कीमत का टेनिप्लेक्टेस जीवन रक्षक इंजेक्शन निशुल्क लगाकर मरीज को नया जीवन दिया। घटना के बाद मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों का आभार जताया, वहीं जिलेभर में डॉक्टरों की सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 44 वर्षीय विशाल कुमार पुत्र श्याम कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, कासगंज को मंगलवार सुबह अचानक सीने में तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। उस समय इमरजेंसी में तैनात स्टाफ ने तुरंत चिकित्सक डॉ. आशीष गुप्ता को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. गुप्ता मौके पर पहुंचे और मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सीपीआर देकर उपचार शुरू किया।
बताया गया कि मरीज को हार्ट अटैक की स्थिति थी। ऐसे में डॉ. आशीष गुप्ता ने बिना देर किए लगभग 50 हजार रुपये कीमत का टेनिप्लेक्टेस विशेष जीवन रक्षक इंजेक्शन निशुल्क लगाया। समय पर उपचार मिलने से मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ और उसकी जान बच गई। चिकित्सकों की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली।
डॉ. आशीष गुप्ता ने बताया कि अब तक वह तीन गंभीर मरीजों को यह इंजेक्शन देकर नया जीवन देने में सफल रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अंकित यादव भी इससे पहले एक मरीज की जान इसी तरह जीवन रक्षक इंजेक्शन लगाकर बचा चुके हैं। दोनों चिकित्सकों की कार्यशैली और मरीजों के प्रति समर्पण की जिलेभर में सराहना हो रही है।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा लगातार गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार दिए जाने से लोगों का भरोसा भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे चिकित्सक समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और मानवता के साथ निभा रहे हैं।