जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली चौराहे पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार कार और सड़क किनारे खड़ी खराब आर्टिका कार के बीच हुई जोरदार टक्कर का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे एक आर्टिका कार खराब हो गई थी, जिसकी मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे खराब खड़ी आर्टिका में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में शीशम खेड़ा निवासी रशीद और कार की मरम्मत कर रहे मिस्त्री सारिक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सारिक की हालत नाजुक देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक हादसे के समय हरदोई निवासी धीरेंद्र कुमार रामपुर यूनिट की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी कार ही अनियंत्रित होकर खराब खड़ी आर्टिका से टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ट्रैफिक निरीक्षक श्रीपाल सिंह, अंकित शर्मा और श्रीनिवास ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।