जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गर्मी और उमस के कारण सांप अपने बिलों से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को महज तीन घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर एक महिला सहित पांच लोगों को सांप ने डस लिया। सभी घायलों को परिजनों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव नगला भूड़ निवासी 18 वर्षीय सोनू पुत्र सूबेदार सिंह को खेत के पास सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं नदरई निवासी छह वर्षीय भूवनेश पुत्र सोनू घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक उसे सांप ने काट लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिवार में अफरा-तफरी मच गई और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी क्रम में सैलई निवासी 60 वर्षीय मीना देवी पत्नी डालचंद्र को घर में काम करते समय सांप ने डस लिया। महिला के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। उधर नगला लोधी निवासी 35 वर्षीय कप्तान सिंह पुत्र कमल सिंह भी सर्पदंश का शिकार हो गए। वहीं सूरतपुर खुशकरी निवासी 16 वर्षीय गौरव पुत्र रविंद्र को भी सांप ने काट लिया, जिसके बाद उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत में सुधार है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बरसात और गर्मी के मौसम में खेतों, झाड़ियों तथा पुराने सामान के आसपास विशेष सावधानी बरतें। घरों के आसपास साफ-सफाई रखें और सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।