जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व बृहस्पतिवार को मीरगंज क्षेत्र में धार्मिक श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही कस्बे की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए हजारों नमाजी पहुंचे। लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। पर्व को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मीरगंज कस्बे की मुख्य नमाज नथपुरा रोड स्थित ईदगाह में अदा की गई। सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। नमाज के दौरान ईदगाह परिसर “अल्लाहु अकबर” की सदाओं से गूंज उठा। इमामों ने अपने संबोधन में हजरत इब्राहीम और हजरत इस्माइल की कुर्बानी का जिक्र करते हुए त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद घरों में सुन्नत के अनुसार जानवरों की कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने जरूरतमंदों और गरीबों की मदद कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। घरों में सेवइयां, बिरयानी और अन्य पकवान तैयार किए गए, जिनका लोगों ने परिवार और रिश्तेदारों के साथ आनंद लिया।
ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। क्षेत्राधिकारी और थाना पुलिस लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी रही ताकि किसी प्रकार की अफवाह फैलने न पाए।
वहीं नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई और अपशिष्ट निस्तारण की विशेष व्यवस्था कराई गई। ईदगाहों और प्रमुख मार्गों पर सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया था, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पूरे दिन मीरगंज क्षेत्र में ईद का उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर मुबारकबाद दी और देश में शांति, सौहार्द और खुशहाली की दुआ की।