गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज ।
उत्तर प्रदेश के कासगंज में कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार हमला बोला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महोबा दुष्कर्म पीड़िता मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के विरोध को लेकर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। इसके साथ ही उन्होंने टोरंटो बिजली कंपनी का 420 करोड़ रुपये का बकाया माफ किए जाने के मामले को भी बड़ा भ्रष्टाचार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस वार्ता के दौरान मनोज पांडेय ने कहा कि महोबा दुष्कर्म पीड़िता के घर सांत्वना देने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का भाजपा नेताओं द्वारा विरोध किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में पीड़िताओं की आवाज उठाना अपराध माना जा रहा है, तो कांग्रेस बार-बार यह आवाज उठाती रहेगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के किसी भी जनप्रतिनिधि ने पीड़िता के परिवार तक पहुंचने का प्रयास नहीं किया, जबकि कांग्रेस नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग की जा रही है, लेकिन पिछले नौ वर्षों में भाजपा नेताओं और मंत्रियों की बढ़ी संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “अगर प्रदेश में पीड़िताओं की आवाज उठाना गलत है तो कांग्रेस बार-बार आवाज उठाएगी। अजय राय जी तमाम बाधाओं को पार कर पीड़िता के घर पहुंचे और न्याय की मांग की। भाजपा नेताओं को पहले अपने नौ वर्षों में बढ़ी संपत्तियों का हिसाब देना चाहिए।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनोज पांडेय ने टोरंटो बिजली कंपनी का 420 करोड़ रुपये का बकाया माफ किए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला अनावश्यक और संदेहास्पद है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार और कंपनी के बीच किसी बड़ी डील की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, “टोरंटो कंपनी का 420 करोड़ रुपये माफ किया जाना बड़े भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। सरकार और कंपनी के बीच किसी बड़ी डील की आशंका है। इसकी निष्पक्ष एजेंसी से जांच होनी चाहिए।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जनता के पैसे से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।