Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ NEWS हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, ट्रैक्टर से लौटते समय हुआ हादसा

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 30, 2026

KASGANJ NEWS हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, ट्रैक्टर से लौटते समय हुआ हादसा

गुड्डू यादव, कासगंज।

जागरण टुडे, कासगंज

 जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदवा निवासी 24 वर्षीय रायसिंह पुत्र कल्लू ट्रैक्टर के माध्यम से खेतों की कंप्यूटराइज्ड लेवलिंग का कार्य करता था। मंगलवार सुबह वह एक किसान के खेत में लेवलिंग का कार्य पूरा करने के बाद ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव नगला भम्मा के समीप रास्ते में ट्रैक्टर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईटेंशन तार के ट्रैक्टर से छूते ही उसमें तेज करंट दौड़ गया और रायसिंह भी उसकी चपेट में आ गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण तत्काल राहत कार्य शुरू नहीं किया जा सका। बाद में ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए लकड़ी और मिट्टी की मदद से युवक को बिजली लाइन के प्रभाव से अलग किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सोरों पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार निर्धारित ऊंचाई से नीचे लटके हुए हैं, जिसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.