नगला पटिया हादसे में किशोर की मौत के बाद एसपी ओपी सिंह का सख्त कदम, लापरवाही पर गिरी गाज
गुडडू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे, सोरों।
थाना क्षेत्र के नगला पटिया गांव में दो दिन पूर्व हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए नगरिया चौकी इंचार्ज एसआई बलवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में घोर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों के बीच जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि नगला पटिया गांव स्थित अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया था। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की थी। जांच के दौरान सामने आया कि क्षेत्र में पटाखा निर्माण और भंडारण को लेकर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी गई थी। साथ ही स्थानीय स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी की गई। इसी को आधार बनाते हुए नगरिया चौकी इंचार्ज एसआई बलवीर सिंह पर कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के अनुसार विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर अवैध फैक्ट्री कैसे संचालित हो रही थी और जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ओपी सिंह ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और विस्फोटक सामग्री के कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जाए। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।