गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टुडे,।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के सहावर थाना क्षेत्र में भाई-बहन के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। नगला चौबे गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय छात्रा ज्योति की मौत हो गई। परिजनों ने मृतका के भाई और भाभी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगला चौबे गांव निवासी ज्योति अपने माता-पिता के साथ रहती थी। परिवार में काफी समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान ज्योति का अपने भाई आनंद और भाभी मनू से विवाद हो गया। परिजनों का कहना है कि विवाद बढ़ने पर भाभी ने डंडे से ज्योति के सिर पर वार किया, जबकि भाई ने उसका गला दबा दिया। गंभीर रूप से घायल ज्योति मौके पर ही गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पिता दिनेश चंद्र, जो होमगार्ड विभाग में तैनात हैं, मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल बेटी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहावर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ज्योति बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और पढ़ाई कर रही थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपित भाई और भाभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।