सीओ संदीप वर्मा मेरठ मंडल भेजे गए, सहावर सीओ शाहिदा नसरीन बनीं लखनऊ में एसीपी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार को पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए 206 क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में कासगंज जनपद के दो पुलिस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
शासन के आदेश के अनुसार कासगंज में तैनात क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा का स्थानांतरण मेरठ मंडल में मंडलाधिकारी पद पर किया गया है। वहीं सहावर सर्किल की क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के रूप में लखनऊ भेजा गया है।
दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद कासगंज जनपद में नए अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है। बदायूं सदर सर्किल में तैनात सीओ रजनीश उपाध्याय को कासगंज जनपद में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मुरादाबाद रेलवे में तैनात सीओ दुर्गेश मिश्रा को भी कासगंज भेजा गया है।
प्रदेश स्तर पर हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिले में नए अधिकारियों की तैनाती के बाद कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने का इंतजार किया जा रहा है।