बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुए चर्चित बवाल मामले में पुलिस ने अब आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जानकारी दी है कि मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपितों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले की प्रभावी पैरवी और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। वहीं मॉनिटरिंग सेल पूरे प्रकरण की नियमित निगरानी करेगी, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
गौरतलब है कि 26 सितंबर 2025 को “आई लव मुहम्मद” विवाद की आड़ में बरेली में हिंसा भड़क गई थी। आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान पुलिस पर पथराव, हमला और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं।
जांच के दौरान पेट्रोल बम, एसिड बम और हथियारों की तैयारी से जुड़े तथ्य भी सामने आए थे। उपद्रव के दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा था।
घटना के बाद जिले के पांच थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगभग तीन हजार लोगों को आरोपी बनाया गया था, जबकि 125 लोगों को नामजद किया गया था। कार्रवाई के तहत पुलिस ने दो दिनों के भीतर तौकीर रजा समेत 94 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद इस मामले की सुनवाई तेज होने की उम्मीद है और सभी की निगाहें अदालत की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।