केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद मथुरा में 5 जून से 21 जून तक व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने की।
बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंच सके।
संदीप सिंह ने कहा कि सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की भावना के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि आम जनता को विकास यात्रा से जोड़ना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी है। सरकार चाहती है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान के लिए सभी विभागों की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने जानकारी दी कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जनपद के अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों के किनारे, नदियों एवं नहरों के तटों, स्कूलों, ग्राम पंचायतों और सरकारी संस्थानों में कुल 6 लाख 17 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर विभिन्न वर्गों के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेंगे।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
प्रशासन का दावा है कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से विकास, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता को नई गति मिलेगी तथा बड़ी संख्या में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।