उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय (डुवासु) में पिछले नौ महीनों के दौरान शिक्षा, शोध, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। कुलपति डॉ. अभिजीत मित्र ने प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पशु चिकित्सा स्नातक (BVSc & AH) इंटर्नशिप का मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में विभिन्न निर्माण और विकास परियोजनाओं के लिए 62.81 करोड़ रुपये की पूंजीगत योजनाओं पर कार्य शुरू किया गया है।
विश्वविद्यालय को निजी संस्थानों में वेटरनरी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की संबद्धता देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं मत्स्य एवं डेयरी विज्ञान महाविद्यालयों में नए पदों की स्वीकृति के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
डॉ. मित्र ने बताया कि प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पहली बार अभ्यर्थियों को उनकी OMR शीट उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा डुवासु ने ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बनने का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि छात्र सुविधाओं, शोध, नवाचार, कौशल विकास और सामुदायिक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को और मजबूत करना है।