विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान (दुवासु) परिसर में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, कुलपति डॉ. अभिजित मित्र और प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वेंकट श्रीकर पटेल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति डॉ. अभिजित मित्र ने बेल, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आम और डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल ने शहतूत का पौधा रोपा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का आभूषण हैं और प्रदूषण को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम भी। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि दुवासु परिसर में 384 फलदार पौधे लगाए गए हैं। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर पूरे जनपद में 6 लाख 17 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किया जा सके।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बाद में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में भी पौधारोपण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) वेद प्रिय आर्य, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।