विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को मीरगंज क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर और प्रशासनिक भवन के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. के. सिंह ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम का समन्वयन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी. के. प्रधान तथा राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. शिव प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर कार्यालय लेखाकार संजीव शर्मा, वीरेंद्र शर्मा सहित शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता अभियान और पर्यावरण जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उधर, स्वामी दयानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, परोरा (मीरगंज) में भी विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के दौर में पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। वहीं कॉलेज निदेशक पंकज गंगवार ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं, इसलिए केवल पौधे लगाना ही नहीं बल्कि उनका संरक्षण करना भी आवश्यक है।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य जसवीर सिंह, महिपाल, संजीव गंगवार, उमाशंकर गंगवार सहित समस्त स्टाफ ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई, ताकि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
विश्व पर्यावरण दिवस पर धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स मीरगंज इकाई में वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की मीरगंज इकाई में प्रबंधन की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मिल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ "प्लास्टिक प्रदूषण को मात दें" थीम के साथ किया गया। इस अवसर पर बिजनेस हेड डी.के. शर्मा, बिजनेस एडवाइजर संदीप कुमार शर्मा एवं इकाई प्रमुख सरबजीत सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी हैं।
अधिकारियों ने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील करते हुए कहा कि बाजार जाते समय पॉलिथीन के बजाय घर से कपड़े का थैला लेकर जाएं, जिससे प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन अरविंद गंगवार, गन्ना महाप्रबंधक प्रदीप कुमार, महाप्रबंधक यांत्रिक महेंद्र अग्रवाल, महाप्रबंधक लेखा जय गोपाल चावला, महाप्रबंधक उत्पादन अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक प्रशासनिक संजय कुमार सिंह सहित शेषनाथ यादव, अनिल गुप्ता, जय कुमार, आशुतोष कुमार, संजय यादव, शिवम सिन्हा, राजू प्रजापति, धर्मेंद्र सिंह, ओमेंद्र सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।