गुड्डू यदव, कासगंज।
जागरण टुडे, कासगंज ।
जनपद के हजारा नहर स्थित झाल पुल पर शनिवार को स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहर में नहाने उतरे चार युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें से एक युवक को पीएसी के गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीन सगे भाई नहर में लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और पीएसी की टीम मौके पर पहुंच गई तथा देर शाम तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा।
जानकारी के अनुसार हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टिकरी कला निवासी चार युवक हजारा नहर के झाल पुल पर स्नान करने पहुंचे थे। नहर में उतरते समय वे गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पीएसी की गोताखोर टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 24 वर्षीय सुमित पुत्र रामसिंह को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं 27 वर्षीय जयप्रकाश, 24 वर्षीय अजय तथा 22 वर्षीय हरेंद्र उर्फ छोटू पुत्र स्वर्गीय डालचंद्र निवासी टिकरी कला, थाना सिकंदराराऊ, हाथरस नहर में लापता हो गए। तीनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बेटों की सलामती की उम्मीद में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार नहर किनारे पहुंचकर बच्चों को खोजने की गुहार लगाती रही। घटना के बाद गांव टिकरी कला में भी शोक और चिंता का माहौल है।
पीएसी के हेड कांस्टेबल एवं गोताखोर भुल्लन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन युवकों की तलाश के लिए डेढ़ सेक्शन पीएसी के गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।