जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीलारानी ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरपुर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का परीक्षण किया और कमियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सबसे पहले डॉ. बीलारानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों पहुंचीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के संचालन, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसवोपरांत सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। प्रसूति कक्ष में पानी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने अधीक्षक डॉ. मुकेश यादव को तत्काल प्रभाव से समुचित पेयजल एवं उपयोगी जल व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरपुर का निरीक्षण किया। यहां कुछ आवश्यक दवाओं का स्टॉक कम मात्रा में पाया गया। वहीं स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में झाड़ियां और खरपतवार पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सफाई अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।डॉ. बीलारानी ने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। डीसीपीएम केपी सिंह ने कहा समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं तथा प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।